पटना। बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि 09 सितंबर को जदयू की समीक्षा बैठक आयोजित की गई है, जिसमें पार्टी के सभी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह भी शामिल होंगे और इस बैठक के जरिए पार्टी के पदाधिकारियों को जो पार्टी की मजबूती और विस्तार के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गई है उस पर भी चर्चा की जाएगी।
कुशवाहा ने यह भी बताया कि जदयू पूरे बिहार में अपने मिशन और विजन पर काम कर रही है। तमाम पदाधिकारियों को पार्टी की मजबूती और विस्तार के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गई है। इस समीक्षा बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों के द्वारा अब तक जो कार्य किए गए हैं, उसका आकलन किया जाएगा।
2024 के लोकसभा चुनाव और 2025 के विधानसभा चुनाव में जदयू के प्रदर्शन को बेहतर बनाने का लक्ष्य
कुशवाहा ने कहा है कि पार्टी ने तय किया है कि आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव और 2025 के विधानसभा चुनाव में जदयू का प्रदर्शन कैसे बेहतर हो इस पर विशेष चर्चा की जाएगी और इसी के तहत पूरे प्रदेश में पार्टी के कार्यकर्ताओं के द्वारा अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि आने वाले समय में जदयू को बिहार की सबसे बडी पार्टी बनाने के लक्ष्य हासिल किया जा सके।
यह भी पढ़ें–किसानों से बात करें या पद से इस्तीफा दें खट्टर :कांग्रेस
बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही सुशासन की सरकार की प्रशंशा करते हुए कहा कि प्रदेश में सरकार की ओर से चलाये जा रहे विकास कार्यक्रमों का लोगों के बीच जोर-शोर से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इन कार्यों के तहत जदयू को जन- जन से जोड़ा जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से पूरे बिहार में चलाए जा रहे अभियान से जदयू और सरकार को आम लोगों का अपार समर्थन मिल रहा है। इसे जारी रखने के लिए पार्टी और सरकार पूरी तरह मुस्तैद है। (एजेंसी)