लखनऊ, (आरटी न्यूज़ )। मण्डल रेल प्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ डॉ. मोनिका अग्निहोत्री ने बादशाहनगर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विकास व निर्माण योजनाओं का निरीक्षण किया। इस मौके पर अपर मण्डल रेल प्रबन्धक (इंफ्रा) संजय यादव तथा शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।
मंडल रेल प्रबंधक ने बादशाहनगर स्थित रेलवे कालोनियों में आवासों में रह रहे रेल कर्मियों एवं उनके परिजनों से उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं के सम्बन्ध में चर्चा की। उन्होंने रेलवे कॉलोनी के आवासों तथा सडकों की समग्र रूप से मरम्मत एवं उन्नयन कार्य विद्युत आपूर्ति, जल-निकासी तथा साफ-सफाई हेतु संबंधित शाखा अधिकारियों से एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।
टीकाकरण शिविर का निरीक्षण
उन्होंने बादशाहनगर मनोरंजन केंद्र में टीकाकरण शिविर का निरीक्षण किया। टीकाकरण अभियान को प्रभावी एवं सफल बनाने के लिए सभी रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों से टीका लगवाने की अपील की।
रेल कर्मियों की समस्याओं के निस्तारण के निर्देश
ऐशबाग स्थित रेलवे लोको कॉलोनी, ऐशबाग नेहरू नगर कालोनी एवं न्यू ऐशबाग कालोनी का निरीक्षण किया। रेलवे कॉलोनी में आवासों में रह रहे रेल कर्मियों एवं उनके परिवारों से उनकी समस्याओं को सुना तथा उनकी समस्याओं का समय से निराकरण करने की त्वरित कार्यवाही हेतु निर्देश दिया।
शिकायत निवारण ’एप’ से किया जाये समस्याओं का समाधान
मण्डल रेल प्रबन्धक के कालोनी निवासियों की समस्याओं का निराकरण ’’शिकायत निवारण ’एप’’ के माध्यम से किए जाने का निर्देश दिया। जिससे शिकायतकर्ता की समस्याओं का पूर्ण रूप से संतोषजनक निदान हो सके।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय श्रीवास्तव, वरिष्ठ मण्डल इंजीनियर/समन्वय, सुमित वत्स, वरिष्ठ मण्डल विद्युत इंजीनियर धनंजय मिश्रा, वरिष्ठ मण्डल इंजीनियर/तृतीय विपिन कुमार यादव, उपमुख्य इंजीनियर/निर्माण राजेन्द्र प्रसाद, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चारू, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डॉ. संजय तिवारी, सहायक इंजीनियर/लाइन ब्रह्मानन्द, सहायक मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर अविनाश उपाध्याय, एवं अन्य सुपरवाईजर व स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित थे।